नशा तस्कर को प्रतापगढ़ पुलिस ने दबोचा:20 लाख रुपए के अफीम डोडा चूरा मामले में दो साल से था फरार

प्रतापगढ़ पुलिस ने 20 लाख रुपए की अफीम डोडा चूरा तस्करी मामले में दो साल से फरार चल रहे तस्कर रामस्वरूप विश्नोई को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस ने अफीम सप्लाई करने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया था, जबकि अब एक और तस्कर की तलाश जारी है। देवगढ़ थाना अधिकारी मिश्रीलाल चौहान के अनुसार 28 सितंबर 2022 को धरियावद थाना क्षेत्र के तत्कालीन थाना अधिकारी प्रदीप कुमार भूमनिया के नेतृत्व में पुलिस टीम तिराहे पर नाकाबंदी कर रही थी, तभी एक स्विफ्ट कार प्रतापगढ़ की ओर से आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर कार सवार नाकाबंदी तोड़कर भागने लगे, जिनका पीछा करने पर कार रास्ते में छोड़कर तस्कर भागने में सफल हो गए। कार की तलाशी लेने पर पुलिस को सात कट्टों में भरकर 133 किलो अफीम डोडा चूरा मिला, जिसे पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त कर लिया। इसके बाद पुलिस ने वाहन के नंबरों के आधार पर जांच शुरू की, लेकिन नंबर प्लेट फर्जी पाई गई। इसके बाद पुलिस ने मंदसौर के पिपलिया मंडी निवासी अजय नायक और रामजी पाटीदार को हिरासत में लिया और पूछताछ की, तो दोनों ने बताया कि यह डोडा चूरा जोधपुर के लूणी निवासी रामस्वरूप विश्नोई और उसके साथी को बेचा था। पुलिस ने रामस्वरूप और उसके साथी की तलाश शुरू की, लेकिन वे दोनों फरार थे। हाल ही में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जोधपुर के लूणी से रामस्वरूप विश्नोई को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस उसकी साथी की तलाश में जुटी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *