राज्यमंत्री विजय सिंह चौधरी रहे कुचामन दौरे पर:न्यू बस स्टैंड से से परशुराम सर्किल तक रोड़ का नाम परशुराम मार्ग, परशुराम सर्किल का शिलान्यास करते हुए राज्यमंत्री ने की घोषणा

प्रदेश के राजस्व, सैनिक कल्याण एवं उपनिवेशन राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने विप्र समाज के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके राजनीतिक जीवन की सफलता में समाज का अमूल्य योगदान रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे समाज के हर कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। चौधरी कुचामन में नगर परिषद कार्यालय के समीप आयोजित परशुराम सर्किल के शिलान्यास समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। ​ इस अवसर पर क्षेत्रीय विकास को नई गति देते हुए राज्य मंत्री ने घोषणा की कि नवीन बस स्टैंड से परशुराम सर्किल तक के मार्ग का नामकरण ‘परशुराम मार्ग’ किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने सर्किल निर्माण कार्य में विधायक कोष से हरसंभव आर्थिक सहयोग देने की भी प्रतिबद्धता दोहराई। अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का मान वैश्विक स्तर पर बढ़ा है और प्रदेश में भी पिछले दो वर्षों के दौरान विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। ​कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नगर परिषद सभापति सुरेश सिखवाल ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए मंत्री चौधरी का आभार जताया और परशुराम सर्किल की सौगात को विप्र समाज के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। इससे पूर्व, कार्यक्रम का शुभारंभ विद्वान पंडितों द्वारा रक्षेंद्र ओझा के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजन के साथ किया गया। भूमि आवंटन और सर्किल निर्माण की घोषणा से उत्साहित विप्र समाज ने राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी का 21 किलो की विशाल माला पहनाकर और प्रतीक स्वरूप ‘परसा’ भेंट कर अभिनंदन किया। ​ समारोह के दौरान सर्व ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष घनश्याम गौड़, विप्र समाज अध्यक्ष मनोज जोशी, भाजपा मंडल अध्यक्ष बाबूलाल कुमावत, समाजसेवी श्यामसुंदर मंत्री और पूर्व मंडल अध्यक्ष मूलचंद बागड़ा सहित कई गणमान्य अतिथि मंच पर उपस्थित रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्धजन और स्थानीय पार्षद मौजूद थे, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन सत्यप्रकाश शर्मा ने किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *