लुधियाना| भारतीय विद्या मंदिर में पूर्व प्राथमिक और प्राथमिक कक्षाओं के छात्रों के लिए वार्षिक खेल दिवस का आयोजन हुआ। खेल का मैदान जोश और उत्साह से भरा नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत तिलक समारोह, दीप प्रज्वलन और प्रार्थना के साथ हुई। स्कूल के गायन दल ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को और खास बना दिया। मार्च पास्ट और मशाल प्रज्वलन समारोह मुख्य आकर्षण रहे। छात्रों ने अनुशासन और सामूहिक कार्य का बेहतरीन प्रदर्शन किया। शपथ ग्रहण के दौरान छात्रों ने खेल भावना और निष्पक्षता की शपथ ली। मुख्य अतिथि स्कूल प्रबंधक समिति के उप सचिव राजीव पुरी ने गुब्बारे उड़ाकर खेल दिवस का उद्घाटन किया। छात्रों ने मास पीटी, फ्लावर ड्रिल, हूप ड्रिल, योग, बैंड और लेज़ियम अभ्यास में अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया। ट्रैक इवेंट्स में सफाई ड्राइव, बटरफ्लाई रेस, बिग शू रेस, हैट एंड मास्क रेस, हर्डल रेस, बॉल बैलेंस रेस, फ्लैट रेस, हुला हूप रेस, थ्री लेग रेस और पिरामिड रेस जैसी रोमांचक प्रतियोगिताएं हुईं। छात्रों ने अपनी मेहनत, सहनशक्ति और उत्साह से अद्वितीय खेल कौशल का प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने इस आयोजन का भरपूर आनंद लिया। छात्रों की दादियों के लिए एक अनोखा मॉडलिंग इवेंट और आकर्षक समूह नृत्य भी कार्यक्रम का हिस्सा रहा। विजेताओं की घोषणा और पुरस्कार वितरण के बाद ध्वजारोहण समारोह हुआ। वन्दे मातरम् के साथ खेल दिवस का समापन किया गया। प्रिंसिपल सीमा गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्साह और समर्पण के लिए बधाई दी।


