लुधियाना | साहिर लुधियानवी की नगरी लुधियाना में जश्न-ए-अदब के दो दिवसीय समारोह का भव्य आगाज़ हुआ, जिसमें साहित्य, संगीत और शायरी के जादू ने शहरवासियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ओमेक्स मार्केटिंग ऑफिस परिसर में आयोजित इस सांस्कृतिक कारवां का शुभारंभ आईआरएस नवनीत सोनी, पद्मभूषण पंडित साजन मिश्रा, आईआरएस गुलज़ार वानी और तनुज बंसल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शास्त्रीय गायिका विद्या साह ने दादरा-ठुमरी और कबीर भजन से समां बांधा, तो साहिर लुधियानवी की रचना “तुम अपना रंज-ओ-ग़म” सुनाकर लोगों को भावुक कर दिया। पद्मभूषण पंडित साजन मिश्रा ने “चलो मन वृंदावन की ओर” जैसे भजनों से भक्तिमय माहौल बना दिया। मदन मोहन दानिश, कुंवर रंजीत चौहान, जावेद मुशीरी, रेनू नय्यर, जगजीत काफ़िर और शाकिर देहलवी की शायरी ने सभी को गुदगुदाया। कार्यक्रम का संचालन अनस फैज़ी ने किया और अगले सत्र में शामिल होने का आमंत्रण दिया।


