गिरिडीह में अलग-अलग जगह मिले शव:बेंगाबाद में कुएं से मिला सड़ा-गला शव, सड़क किनारे पड़ी बॉडी की हुई पहचान

गिरिडीह जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पहली घटना बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मोतीलेदा लकठाही के नीचे की है, जहां मनोहर महतो के कुएं से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने कुएं के अंदर शव को देखकर तत्काल बेंगाबाद थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शव करीब चार से पांच दिन पुराना है और काफी हद तक सड़-गल चुका है। शव की हालत खराब होने के कारण उसकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। फिलहाल पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से शव का मिलान कर रही है। सड़क किनारे मिला शव, मृतक की हुई पहचान दूसरी घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव की है। शनिवार सुबह बर्मन टेंट हाउस के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक की पहचान देवरी थाना क्षेत्र के कोसोंगोंदोदिघी गांव निवासी सुरेश पांडे के रूप में की है। हालांकि, सुरेश पांडे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद खुलेगा मौत का राज पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है। लगातार दो थाना क्षेत्रों में शव मिलने की घटनाओं से जिले में भय और आशंका का माहौल है। स्थानीय लोग पुलिस की कार्रवाई और जांच के नतीजों पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों मामलों की सच्चाई सामने लाई जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *