अमृतसर के जंडियाला गुरु में फायरिंग:पैसे निकालने आए व्यक्ति को लगी गोली, CCTV में कैद वारदात, पुलिस जांच में जुटी

अमृतसर के जंडियाला गुरु विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते गांव तर सिक्का से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम के बाहर बीते दिन दिनदहाड़े फायरिंग की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। इस पूरी वारदात की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं। जानकारी के मुताबिक, तर सिक्का स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम पर उस समय गोलियां चलीं जब एक व्यक्ति अपनी बेटी के साथ एटीएम से पैसे निकलवाने पहुंचा था। पीड़ित की पहचान बलजीत सिंह के रूप में हुई है, जो कुछ दिन पहले ही दुबई से वापस पंजाब लौटा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एटीएम के बाहर पहले से मौजूद दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार थे। जैसे ही बलजीत सिंह एटीएम से पैसे निकाल रहा था, तभी आरोपियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली बलजीत सिंह के कंधे और बांह के ऊपरी हिस्से में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल बलजीत सिंह को तुरंत इलाज के लिए अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, इस फायरिंग के पीछे लूट की कोशिश थी या कोई पुरानी रंजिश—इसकी जांच की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर और रोष का माहौल बना हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *