वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कमजोर पड़ने के साथ ही उत्तर छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का असर कम होने लगा है। उत्तरी सर्द हवाओं के कारण सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड पड़ रही थी। पाट क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक गिर गया था। शनिवार को पाट क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के करीब रहा है। मैदानी इलाकों में भी न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान शनिवार को 8.1 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जाएगी। संभाग में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण शीतलहरें तेजी से प्रवेश कर रही थीं। शुक्रवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री दर्ज किया गया था। वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पड़ गया है, जिसके कारण न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी होने लगी है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान अब तक दर्ज औसत से करीब 4 डिग्री अधिक है। तापमान बढ़ने का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार शीतलहर के असर से आगामी एक-दो दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ में रातें सर्द रहेंगी। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे रहेगा। इसके बाद न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी की संभावना है। मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पड़ गया है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभावी होने के कारण दो दिनों में न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी संभावित है। जनवरी के अंतिम सप्ताह में लगातार तापमान बढ़ने का पूर्वानुमान है। इस वर्ष लगातार 49 दिनों तक अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया है।


