राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से आरएएस प्री 2024 का आयोजन रविवार को करेगा। एक ही पारी में होने वाली परीक्षा में पौने सात लाख अभ्यर्थी बैठेंगे। परीक्षा के लिए शुक्रवार को कंट्रोल रूम शुरू कर दिए गए। सेंटरों पर परीक्षा सामग्री भी रवाना कर दी गई। आयोग द्वारा परीक्षा के आयोजन को लेकर काफी सतर्कता बरती जा रही है। मुख्य फोकस नकल की रोकथाम और डमी कैंडिडेट्स पर लगाम रहेगा। इस बार एसओजी के साथ ही खुफिया विभाग भी परीक्षा पर निगरानी रखे हुए है। जिला प्रशासन से भी संपर्क बनाया हुआ है। सीएम भजनलाल शर्मा के निर्देश के बाद अजमेर सहित विभिन्न जिलों में परीक्षा आयोजन कराने वाले कार्मिकों को ट्रेनिंग भी दी गई है। प्रश्न-पत्रों की गोपनीयता और सुरक्षा महत्वपूर्ण मुख्यमंत्री के निर्देश पर आरपीएससी के अफसरों के साथ ही प्रदेश भर में जिला कलेक्टर प्रश्न-पत्र संग्रहण और वितरण पर विशेष सतर्कता बरत रहे हैं। जिला प्रशासन, पुलिस एवं आरपीएससी परस्पर समन्वय कर बेहतर पर्यवेक्षण और निगरानी के साथ परीक्षा कराने की तैयारी कर रहे हैं। पिछले दिनों सीएम ने अफसरों को इस परीक्षा के प्रश्न-पत्रों की गोपनीयता एवं सुरक्षा सर्वोच्च रखने के निर्देश दिए थे। दोपहर 11 बजे बंद हो जाएंगे परीक्षा केंद्र आयोग सचिव रामनिवास मेहता के मुताबिक परीक्षा 2 फरवरी को दोपहर 12 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा सेंटरों पर अभ्यर्थियों को 1 घंटा पहले तक ही प्रवेश दिया जाएगा। यानी सुबह 11 बजे परीक्षा सेंटर बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद आने वाले अभ्यर्थियों को सेंटर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को अपने साथ मूल आधार कार्ड (रंगीन प्रिंट) लेकर आना होगा। यदि मूल आधार कार्ड पर फोटो पुरानी या अस्पष्ट है, तो अन्य मूल फोटो पहचान पत्र (ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, मतदाता पहचान पत्र जिसमें रंगीन और नवीनतम स्पष्ट फोटो हो) लेकर परीक्षा केंद्र पर आना होगा। परीक्षा के लिए 2045 परीक्षा केंद्र बनाए अजमेर के 127 सहित प्रदेश भर में 2045 परीक्षा केंद्रों पर इस परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा के लिए 6 लाख 75 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे। अजमेर जिले में कुल 127 सेंटर बनाए गए हैं। इनमें 43 हजार 77 अभ्यर्थी परीक्षा देने आएंगे।


