भिलाई में भाजपा के निर्विरोध जीत पर संशय:निर्वाचन आयोग ने जारी किया उप-चुनाव रोकने का आदेश; बीजेपी कर रही जीत का दावा

दुर्ग जिले में नगर पालिक निगम भिलाई के वार्ड-35 में उप चुनाव पर राज्य निर्वाचन आयोग ने हाईकोर्ट के स्टे के बाद रोक लगा दी है। इसको लेकर कांग्रेसी जहां दावा कर रहे हैं कि वार्ड-35 का उप चुनाव रद्द हो गया है। वहीं भाजपा उम्मीदवार उनके समर्थक जीत का दावा कर रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें जीत का सर्टिफिकेट आरओ से मिल गया है और वो निर्विरोध जीत चुके हैं। आपको बता दें कि भिलाई नगर निगम के वार्ड-35 के पार्षद मो. सलमान द्वारा गलत ओबीसी सर्टिफिकेट से चुनाव लड़ने के चलते दुर्ग संभागायुक्त ने उनका निर्वाचन शून्य कर दिया था। इसके बाद नगरीय निकाय चुनाव के साथ ही भिलाई निगम के वार्ड-35 में उप चुनाव हो रहा है। इस चुनाव में भाजपा ने चंदन यादव को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। वहीं कांग्रेस ने मनोज सिन्हा को उम्मीदवार घोषित किया था। मनोज सिन्हा ने नामांकन वापसी के आखिरी दिन 31 दिसंबर को अपना नामांकन वापस ले लिया, इससे चंदन यादव को निर्विरोध घोषित कर दिया गया। इसके बाद यहां के रिटर्निंग ऑफिसर संजय अग्रवाल ने उसे जीत का सर्टिफिकेट भी दे दिया। भाजपा से घोषित प्रत्याशी सहित भिलाई जिला के जिलाध्यक्ष, वैशाली नगर विधायक और उनके समर्थक और भाजपाई इस जीत का जश्न मना ही रहे थे कि कुछ देर बाद ही राज्य निर्वाचन आयोग का एक आदेश वायरल होने लगा। कांग्रेसी नेताओं ने दावा किया इंजीनियर सलमान ने हाईकोर्ट से अपने पार्षद पद के निर्वाचन को शून्य करने के खिलाफ स्टे लिया है। हाईकोर्ट से स्टे के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने इस निर्वाचन को स्थगित करने का आदेश दुर्ग कलेक्टर को दिया है। जिसके के बाद वार्ड 35 का उप चुनाव स्थगित कर दिया गया है। हालांकि इस बारे में दुर्ग कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी, अपर कलेक्टर अरविंद एक्का और भिलाई के आरओ संजय अग्रवाल का कोई पक्ष अभी तक सामने नहीं आया है। वैशाली नगर विधायक ने कांग्रेस प्रत्याशी को कराया भाजपा प्रवेश वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने वार्ड 35 में कांग्रेस के प्रत्याशी ​मनोज सिन्हा को भाजपा प्रवेश कराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी मनोज सिन्हा ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। इससे भाजपा प्रत्याशी की एकतरफा निर्विरोध जीत हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *