नगरीय निकाय चुनाव 2025 के लिए नाम वापसी के बाद गुरुवार 31 जनवरी को निगम के महापौर एवं पार्षद प्रत्याशियों तथा नगर पंचायत के अध्यक्ष व पार्षद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह का आवंटन कर दिया गया है। अंबिकापुर में महापौर के 06 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 48 वार्डों में 124 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। नगर पालिका निगम अंबिकापुर में इंडियन नेशनल कांग्रेस से डॉ. अजय कुमार तिर्की, भाजपा के मंजूषा भगत, बसपा से प्रकाश कुमार किस्पोट्टा, आम आदमी पार्टी से राजीव लकड़ा, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से माधुरी सिंह सांडिल्य और हमर राज पार्टी से तरूण कुमार भगत महापौर के प्रत्याशी हैं। 48 वार्ड के 153 बचे प्रत्याशियों में 29 प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया है। शेष बचे 124 प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया। भाजपा के 7 बागी चुनाव मैदान में
प्रदेश में सत्तासीन भाजपा अपने कई बागियों को नहीं मना सकी। पार्षद का टिकट मांग रहे भाजपा के कई दावेदारों ने बतौर निर्दलीय नामांकन दाखिल कर दिया था। भाजपा से 18 वार्डों में दावेदारों ने नामांकन किया था, जिनमें से 11 को मनाने में भाजपा सफल रही। भाजपा के जो बागी चुनाव मैदान में उनमें वार्ड क्रमांक 2 से नितीन पाल, वार्ड क्रमांक 3 से पूर्व पार्षद निशीकांत भगत, वार्ड क्रमांक 8 से दीपक लाल अगरिया, वार्ड क्रमांक 21 से निवर्तमान पार्षद शैलेश कुमार सिंह, वार्ड क्रमांक 26 से अनेक गुप्ता, वार्ड क्रमांक 31 से शुभांकर पांडेय और वार्ड क्रमांक 36 से अनिल सोनकर चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने बागियों को मनाया, एक वार्ड में नहीं घोषित किया प्रत्याशी
कांग्रेस ने 3 वार्डों को छोड़कर अपने बागियों को मना लिया है। कांग्रेस ने तीन वार्डों में प्रत्याशी तय नहीं हो पाने के कारण दो-दो दावेदारों का फार्म भरवा दिया था। टिकट नहीं मिलने से नाराज जिला सचिव दिलीप धर ने इस्तीफा दे दिया था। यहां कांग्रेस ने गीता रजक को प्रत्याशी घोषित किया था। कांग्रेस ने गीता रजक को मना लिया और दिलीप धर को प्रत्याशी घोषित कर दिया। वार्ड क्रमांक 21 से निवर्तमान पार्षद दीपक मिश्रा की पत्नी प्रीति मिश्रा ने नामांकन भर दिया था। उसे मना लिया गया है। वार्ड क्रमांक 29 से अजय सिंह एवं रजनीश सिंह में अजय सिंह को टिकट दिया गया तो रजनीश सिंह ने नाम वापस ले लिया है। वार्ड क्रमांक 45 में सुदामा कुर्रे को प्रत्याशी बनाया गया है। कांग्रेस ने वार्ड क्रमांक 40 रफी अहमद किदवई वार्ड से कांग्रेस सहमति नहीं बना सकी। इस कारण कांग्रेस ने प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। कांग्रेस के तीन बागी प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे हैं।


