डीडवाना-कुचामन में आगामी राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र जिला पुलिस ने सघन नाकाबंदी अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देश पर जिलेभर में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य आमजन को सुगम यातायात, सुरक्षित एवं शांत वातावरण उपलब्ध कराना था। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की गहन जांच की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 117 चालान बनाए गए। कार्रवाई के तहत शराब पीकर वाहन चलाने के 7 मामले दर्ज किए गए, जबकि मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के अंतर्गत 4 वाहन जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त, काली फिल्म लगे वाहनों के 29, बिना हेलमेट के 4, बिना सीट बेल्ट के 26 और बिना नंबर प्लेट के 20 चालान बनाए गए। अन्य श्रेणियों में 27 चालान शामिल हैं। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, स्वयं को सुरक्षित रखने और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। पुलिस ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि गणतंत्र दिवस के दौरान कानून व्यवस्था और यातायात सुचारु बना रहे।


