भास्कर न्यूज | जांजगीर जिले के अमृत सरोवर स्थलों पर 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन मिशन अमृत सरोवर के तहत जनभागीदारी के साथ संपन्न होगा। भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के निर्देशानुसार अमृत सरोवर स्थलों को सामुदायिक सहभागिता के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और जल सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाई जाएगी। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायत, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, युवा और विद्यार्थी सक्रिय रूप से शामिल होंगे। गणतंत्र दिवस के दिन अमृत सरोवर स्थलों पर स्वतंत्रता सेनानियों, उनके परिजन, शहीद परिवार या स्थानीय पद्म पुरस्कार विजेताओं द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। उनकी अनुपस्थिति में ग्राम पंचायत के वरिष्ठ नागरिक ध्वजारोहण करेंगे। कार्यक्रम के तहत प्रभात फेरी, स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण और जलवायु परिवर्तन पर निबंध व कविता प्रतियोगिता, पर्यावरण आधारित नुक्कड़ नाटक, चित्रकला प्रतियोगिता और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रेरक गाथाओं का वाचन किया जाएगा। इसके साथ ही अमृत सरोवर स्थलों पर सेल्फी प्वाइंट स्थापित कर राष्ट्रभक्ति और जनजागरूकता का संदेश आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा।


