राजस्थान पथ परिवहन निगम राेडवेज की उदयपुर डिपो से चलने वाली 300 बसों में से 100 बसें ऑनलाइन एप और वेबसाइट से गायब हो गई हैं। ऐसे में अब किसी यात्री काे लंबी दूरी पर जाने के लिए कन्फर्म टिकट बुक कराना हाे तो उसे डिपाे पर आकर ही टिकट बुकिंग करवानी पड़ रही है। दरअसल, रोडवेज ओर से यात्रियाें काे बसाें में कन्फर्म सीट बुक कराने के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा दी जा रही है। इसके लिए निगम ने आरएसआरटीसी एप बना रखा है। लेकिन इस एप पर उदयपुर से संचालित हाेने वाली बसाें की जानकारी नहीं मिल रही है। इससे न ताे यात्री ऑनलाइन टिकट बुक करा पा रहे हैं और न ही बसाें के आने-जाने का समय पता चल पा रहा है। इससे यात्रियों को बसाें में कन्फर्म सीट भी नहीं मिल पा रही है। जयपुर के लिए हर घंटे बस, एप पर सिर्फ 15 की जानकारी उदयपुर से जयपुर जाने के लिए हर एक घंटे में बस का संचालन किया जाता रहा है। यानी सुबह 4 बजे से रात 12 बजे तक 22 बसाें का संचालन होता है। लेकिन आरएसआरटीसी की एप पर सिर्फ 15 बसाें की ही जानकारी दी जा रही है। उदयपुर डिपाे से राेजाना करीब 14 हजार यात्री बसों में सफर करते हैं। इनमें से 5 से 7 प्रतिशत टिकट ऑनलाइन बुक हाेते हैं। इस हिसाब से राेजाना करीब 700 से 1 हजार लाेग एप से टिकट बुक कराते हैं। इनमें वाॅल्वाे, स्लीपर बसाें और लंबी दूरी के शहराें में संचालित होने वाली बसें शामिल हैं। कारण…काउंटर पर टिकट नहीं बनने से ऑफलाइन हुईं बसें
गत वर्ष नवंबर में राेडवेज ने टिकट काउंटर बंद कर दिए थे। करीब दाे माह तक काउंटर बंद रहे थे। इसके चलते अधिकतर बसे ऑफलाइन हाे गईं। उस समय रिजर्वेशन काउंटर भी बंद हाे गया था। अब काउंटर वापस से शुरू हाेने के बाद भी कई बसों का डाटा अभी तक ऑनलाइन नहीं हाे पाया है। उधर, डिपो मैनेजर हेमंत शर्मा का कहना है कि सभी बसें ऑनलाइन है। अगर कोई समस्या है तो उसका हल निकालवाएंगे।


