नरसिंहपुर में अवैध शराब तस्करी के दो गिरफ्तार,:आरोपियों से 30 हजार की शराब और सुजुकी एक्सेस भी जब्त

नरसिंहपुर में कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी शराब और तस्करी में इस्तेमाल किया गया एक दोपहिया वाहन भी जब्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली पुलिस को गश्त के दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी। मुखबिर ने बताया कि गणेश मंदिर रोड स्थित पोल्ट्री फार्म के पास दो व्यक्ति अवैध देशी शराब लेकर खड़े हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए, तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने मौके पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 6 पेटी देशी शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अतिरिक्त, शराब तस्करी में उपयोग की जा रही सुजुकी एक्सेस दोपहिया वाहन को भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु सिंह राजपूत, निवासी बाबाघाट रोड, तिलक वार्ड, नरसिंहपुर, और आकाश यादव, निवासी विपतपुरा, थाना स्टेशनगंज, नरसिंहपुर के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना कोतवाली के थाना प्रभारी गौरव चांटे, उप निरीक्षक मुस्ताक खान, आरक्षक अभय, श्रेय अवस्थी, उमेश्वर पाठक, राहुल और नीलेश दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *