जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के पेंशनर्स ने बकाया पेंशन जारी करने की मांग को लेकर विश्वविद्यालय में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय के वित्त नियंत्रक से पेंशनर्स का प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर अपनी मांगों से अवगत कराया। विश्वविद्यालय पेंशनर्स समिति के संयोजक अशोक व्यास ने बताया कि 3 महीने की बकाया पेंशन के भुगतान के संदर्भ में पिछले 1 महीने में तीन पत्र देने के बाद भी विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा कोई संवाद नहीं किया गया, ना कोई राहत का संकेत दिया गया। पिछली बार भी 92 दिन के धरने के बाद पेंशन मिली थी। उन्होंने कहा- ऐसी परिस्थितियों में वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स के पास प्रदर्शन करने के अलावा कोई और विकल्प नहीं था। विश्वविद्यालय प्रशासन को आगाह करने के बाद आज शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया गया। जहां सैकडों की संख्या में वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स उपस्थित रहे, लेकिन कुलगुरु कार्यालय में कोई भी जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित नहीं था। कुलगुरु, कुल सचिव, वित्त नियंत्रक, संपर्क करने पर भी उपस्थित नहीं थे। शाम को प्रतिनिधिमंडल ने की चर्चा व्यास ने बताया कि प्रदर्शन के बाद शाम को वित्त नियंत्रक ने पेंशनर्स सोसाइटी प्रतिनिधि मंडल से वार्ता कर सदस्यों की मांगों को सुना। प्रतिनिधिमंडल ने तुरंत संपूर्ण भुगतान करने के लिए कहा। इस पर वित्त नियंत्रक ने कहा कि संपूर्ण भुगतान तो नहीं हो सकता, यह संभव नहीं है। इसलिए जो भी राशि उपलब्ध है , उसके भुगतान के लिए मैं कुलगुरु से निवेदन करूंगा ।और आगामी कार्य दिवस पर भुगतान संभव हो जाएगा। राज्यपाल को भेजी सूचना वहीं पेंशनर समिति के अध्यक्ष प्रो. रामनिवास शर्मा ने बताया कि आज के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय में कोई भी जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित नहीं थे । यह सूचना कुलाधिपति राज्यपाल को लिखित में भेज दी गई है । राज्यपाल से यह भी निवेदन किया गया है कि पेंशनर्स की बकाया राशि का तुरंत भुगतान हो तथा राज्य वित्तपोषित विश्वविद्यालयों में पेंशन के स्थायी समाधान हेतु राज्य सरकार को निर्देशित कर वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स को राहत प्रदान की जाए । राज्य सरकार द्वारा जिम्मेदारी लेकर, कॉलेज शिक्षा निदेशालय पेंशनर्स कार्मिक शिक्षकों की भांति राज्य सरकार आगामी बजट में प्रावधान कर स्वीकृति प्रदान करे ।


