पीएम कुसुम-बी से मंदसौर में सोलर पंप को बढ़ावा:10% अंशदान पर सिंचाई सुविधा, 1120 किसानों को मिले वर्क ऑर्डर

भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम कुसुम योजना का घटक-बी प्रदेश में “प्रधानमंत्री कृषक सूर्य मित्र योजना” के नाम से संचालित किया जा रहा है। इस योजना के तहत जिले के किसानों को सोलर पंप के माध्यम से सिंचाई की सुविधा प्रदान की जा रही है। मंदसौर अक्षय ऊर्जा अधिकारी ने बताया कि जिले में ऑफ-ग्रिड सोलर पंपों की स्थापना का कार्य तेजी से चल रहा है, जिससे किसानों की बिजली पर निर्भरता कम हो रही है और खेती की लागत में कमी आ रही है। योजना के अंतर्गत सोलर पंप की स्थापना के लिए एक सरल वित्तीय व्यवस्था निर्धारित की गई है। इसमें किसान को केवल 10 प्रतिशत अंशदान करना होता है। केंद्र सरकार 30 प्रतिशत अनुदान देती है, जबकि शेष 60 प्रतिशत राशि बैंक ऋण के रूप में उपलब्ध कराई जाती है। इस ऋण की गारंटी मध्यप्रदेश शासन द्वारा दी जा रही है। ऋण प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को नोडल बैंक नियुक्त किया गया है। ऑनलाइन आवेदन कल लें लाभ
योजना का लाभ प्राप्त करने और वेंडर द्वारा कार्य शुरू करने के लिए ऋण स्वीकृति अनिवार्य है। इसके लिए किसान को कुसुम-बी राज्य पोर्टल से एआईएफ (एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड) में ऑनलाइन आवेदन करना होगा। साथ ही, नोडल बैंक में किसान का खाता और सीआईएफ (CIF) की उपलब्धता आवश्यक है। मंदसौर जिले में 31 दिसंबर 2025 तक योजना के तहत कुल 1120 आवेदनों के वर्क ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं। इस योजना से किसानों को दिन के समय निर्बाध सिंचाई, कम लागत में खेती और पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण लाभ मिल रहे हैं। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान अक्षय ऊर्जा विभाग से संपर्क कर सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *