दशहरा मैदान में जैविक हाट में उमड़ रही भीड़:ताजी सब्जियों और फल की डिमांड ज्यादा, लोगों का रुझान सेहतमंद उत्पादों की ओर

नीमच में दशहरा मैदान के पास साप्ताहिक जैविक हाट बाजार का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन, नगरपालिका और कृषि विभाग की संयुक्त पहल पर प्रत्येक शनिवार को लगने वाले इस बाजार में बड़ी संख्या में शहरवासी पहुंच रहे हैं। वर्तमान में रसायनों और कीटनाशकों से युक्त खाद्य सामग्री के बढ़ते खतरों के प्रति नीमच के नागरिक सजग हो रहे हैं। इसी कारण इस हाट बाजार में ताजी सब्जियां, फल, अनाज, दालें और मसाले खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं। इस बाजार की मुख्य विशेषता यह है कि यहाँ किसानों और उपभोक्ताओं के बीच कोई बिचौलिया नहीं होता। इससे किसानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य मिलता है, वहीं ग्राहकों को किफायती दरों पर उच्च गुणवत्ता वाले जैविक उत्पाद उपलब्ध होते हैं। हाट में लगभग 10 स्टॉल लगाए गए हैं, जहाँ बिक्री के साथ-साथ जैविक खेती के प्रति जागरूकता भी फैलाई जा रही है। महिला किसान भी इस हाट बाजार में सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं। वे उपभोक्ताओं को रसायनों के दुष्प्रभावों से अवगत करा रही हैं और जैविक उत्पादों की पहचान व उनके नियमित उपयोग से होने वाले स्वास्थ्य लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी दे रही हैं। प्रशासन की यह पहल स्थानीय जैविक किसानों को एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है। साथ ही, यह शहर के लोगों को शुद्ध और जहरमुक्त खान-पान की ओर प्रेरित करने में भी सफल साबित हो रही है। यह साप्ताहिक बाजार प्रत्येक शनिवार को शाम तक संचालित होता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *