बालाघाट। इंदौर से नैनपुर तक चलने वाली पेंचवेली एक्सप्रेस को गोंदिया तक विस्तारित करने का प्रस्ताव फिलहाल अटक गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने नवंबर में इसका प्रस्ताव पश्चिम मध्य रेलवे को भेजा था, लेकिन अब यह संभव नहीं हो पा रहा है। नागपुर मंडल के ऑपरेटिंग डिपार्टमेंट ने गोंदिया स्टेशन पर प्लेटफार्म की अत्यधिक व्यस्तता और बालाघाट सेक्शन के सिंगल लाइन होने को इसकी मुख्य वजह बताया है। हाल ही में हुई एक बैठक में यह जानकारी सामने आई, जिससे जिले के रेल यात्रियों की उम्मीदें टूट गई हैं। हालांकि, जेडआरयूसी सदस्य मोनिल जैन ने बताया कि आगामी फरवरी में होने वाली जोन की बैठक में पेंचवेली एक्सप्रेस को बालाघाट के रास्ते गोंदिया तक चलाने की मांग को पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यावहारिक रूप से इस ट्रेन को गोंदिया तक चलाया जाना चाहिए, जिससे रेलवे को भी फायदा होगा। जैन ने इस बात पर आश्चर्य व्यक्त किया कि एसईसीआर प्रस्ताव भेजता है और मंडल उसके नहीं चलाए जाने के कारण बताता है। इस ट्रेन को लेकर राजनीति भी तेज है, जहां मंडला सांसद इसे मंडला तक बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। यदि यह ट्रेन गोंदिया तक विस्तारित होती है, तो इसका लाभ न केवल बालाघाट के लोगों को मिलेगा, बल्कि महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के यात्रियों को भी फायदा होगा। इससे रेलवे विभाग को राजस्व के रूप में भी लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त, गोंदिया में ट्रेन की सफाई और वॉशिंग की सुविधा भी उपलब्ध हो सकेगी। अभी नैनपुर पहुंचने के बाद पूरे दिन आउटर में खड़े रहती है ट्रेन
इंदौर से दोपहर एक बजकर 05 बजे पेंचवेली एक्सप्रेस रवाना होकर दूसरे दिन प्रातः साढ़े 6.30 बजे नैनपुर पहुंचती है। जिसके बाद पूरे दिन यह ट्रेन, जिले के पाद्रीगंज स्टेशन या फिर मंडला के आउटर खड़ी रहती है और शाम 7 बजे, नैनपुर स्टेशन से रवाना होकर, दूसरे दिन इंदौर पहुंचती है। जिस ट्रेन को लंबे समय से जिले के लोग, बालाघाट या गोंदिया से चलाए जाने की मांग कर रहे है।
आपको बताते चले कि पेंचवेली एक्सप्रेस का विस्तार गोंदिया तक होने से इसका लाभ बालाघाट जिलेवासियों को मिलेगा। जिसकी लंबे से दरकार थी। चूंकि बालाघाट से कई लोग भोपाल और इंदौर, शासकीय कार्य के साथ ही पढ़ाई के लिए जाते है, जिनके लिए कोई सीधी रेलसुविधा नहीं है। जिसके कारण, लोगों को बसों में महंगे किराए पर यात्रा करना मजबूरी बन गया है। पेंचवेली एक्सप्रेस का यदि विस्तार, गोंदिया तक होगा, तो इसका सीधा और सबसे बड़ा लाभ जिले के रेलयात्रियों को होगा और उन्हें सीधी, सस्ती तथा सुलभ रेलसेवा मिल जाएगी।


