संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में शनिवार दोपहर तीन युवकों ने एक युवक से मारपीट की और उसपर चाकू से हमला कर दिया। पेट में चाकू लगने से युवक की हालत बिगड़ गई। उसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दाखिल किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका आपरेशन कर उसकी जान बचाई। घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के मायापुर के चांदनी चौक स्थित चाय दुकान में बौरीपारा निवासी ऋतिक जायसवाल अपने दोस्तों के साथ पहुंचा था। उसी दौरान स्कूटी में सवार होकर तीन युवक मौके पर पहुंचे और ऋतिक जायसवाल से विवाद करते हुए मारपीट की। बीचबचाव के लिए उसके दोस्त आए तो एक युवक ने चाकू निकाला और ऋतिक के पेट में वार कर दिया। चाकू मारने के बाद तीनों भाग निकले। चाकू युवक के पेट में ही धंसा रहा। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में आपरेशन
चाकू के वार से घायल ऋतिक मौके पर गिर गया और लहूलुहान हो गया। उसके दोस्तों ने उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया और सूचना परिजनों को दी। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसका आपरेशन किया। चिकित्सकों के अनुसार चाकू के वार से ऋतिक जायसवाल के लीवर में गंभीर चोटें आई थीं। उसका करीब एक लीटर खून बह गया था। चिकित्सकों ने आपरेशन कर उसका उपचार किया। फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। हमलावरों की खोजबीन शुरू
ऋतिक जायसवाल के दोस्त आनंद गुप्ता ने बताया कि हमलावरों में सत्यम सोनकर, आयुष औैर उनका एक साथी है। वह तीनों को पहचानता है। पहले किसी बात को लेकर ऋतिक से उसका विवाद हुआ था। मामले में कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है और आरोपियों की खोजबीन की जा रही है। पुलिस ने दुकान में लगे सीसी टीवी के फुटेज भी जब्त किए हैं। शहर में एक बार फिर हुई चाकूबाजी से लोग सहम गए हैं। इसके पूर्व पेट्रोल पंप में कार्य करने वाली युवती को उसके परिचित युवक ने चाकू से कई बार वार कर दिया था। युवती की मौत हो गई थी।


