सागवाड़ा नगरपालिका भवन शिलान्यास पर भाजपा में विवाद:चेयरमैन पर लगाए आरोप, कहा- निजी स्वार्थ के चलते शहर से दूर बनवा रहे

डूंगरपुर जिले की सागवाड़ा नगरपालिका के नए भवन निर्माण को लेकर भाजपा में आंतरिक विवाद गहरा गया है। 25 जनवरी को होने वाले भवन शिलान्यास कार्यक्रम के विरोध में भाजपा पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने चेयरमैन आशीष गांधी पर निशाना साधा है। उन पर निजी स्वार्थ के चलते आनन-फानन में शिलान्यास करवाने का आरोप लगाया गया है। भाजपा पार्षद हरीश सोमपुरा ने बताया कि पूर्व में कांग्रेस के चेयरमैन नरेंद्र खोडनिया ने शहर के बीच स्थित पालिका भवन को गिरा दिया था, ताकि नया भवन शहर के बाहर बनाया जा सके। भाजपा पार्षदों के विरोध के बाद सरकार ने पद के दुरुपयोग के आरोप में खोडनिया को निलंबित कर दिया था। इसके बाद, कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पार्षद आशीष गांधी को चेयरमैन मनोनीत किया गया था। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मनोनीत चेयरमैन आशीष गांधी भी पूर्व चेयरमैन नरेंद्र खोडनिया के नक्शेकदम पर चल रहे हैं। वे पालिका का नया भवन शहर से दूर 40 बीघा अधिशेष भूमि पर बनवाने जा रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं और सागवाड़ा की जनता ने इस प्रस्तावित स्थान का कई बार विरोध किया है। इस मामले में मंत्री, एसडीएम, मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तक को ज्ञापन देकर कार्य रोकने की मांग की गई थी, जिस पर पूर्व में नए भवन का शिलान्यास कार्यक्रम भी निरस्त कर दिया गया था। हालांकि, चेयरमैन आशीष गांधी एक बार फिर अपनी मनमानी करते हुए पुरानी जगह पर भवन निर्माण न करवाकर शहर से दूर 40 बीघा भूमि पर शिलान्यास करवा रहे हैं। पार्षदों ने बताया कि प्रस्तावित स्थल के पास चेयरमैन आशीष गांधी की लगभग 7-8 बीघा जमीन है। आरोप है कि चेयरमैन गांधी और उनके सहयोगी अपने निजी भूखंडों की कीमतें बढ़ाने के लिए सागवाड़ा की जनता के हितों की अनदेखी कर रहे हैं। अनुभवी कार्यकर्ताओं की अनदेखी भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि सागवाड़ा में 25 से 50 सालों से पार्टी के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है। जबकि हाल ही में कांग्रेस से आए एक व्यक्ति की बातों को पार्टी में अधिक महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया गया कि चेयरमैन आशीष गांधी ने सागवाड़ा में भाजपा को ‘तितर-बितर’ कर दिया है। एक बाहरी व्यक्ति ने भाजपा पर ऐसा क्या जादू कर दिया है कि सब उसी की बात मान रहे हैं ।पुराने कार्यकर्ताओं की कोई कदर नहीं बची। अगर यह गलत कार्य नहीं रुका, तो आने वाले समय में भाजपा को इसका भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *