संभागीय आयुक्त ने ग्रामीणों को पट्टे वितरित किए:कुम्हेर के पला गांव में विशेष शिविर का निरीक्षण, योजनाओं की प्रगति जांची

भरतपुर संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया ने शनिवार को डीग जिले के कुम्हेर उपखंड स्थित ग्राम पला में एक दिवसीय विशेष शिविर का निरीक्षण किया। यह शिविर ‘ग्लोबल राजस्थान एग्री-टेक मीट (GRAM-2026)’ की तैयारियों और जन-कल्याणकारी योजनाओं का फायदा आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। शिविर में पहुंचने पर संभागीय आयुक्त ने सबसे पहले ‘वंदेमातरम @ 150’ सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी ली, जिससे मौजूद जनसमूह और अधिकारियों का उत्साह बढ़ाया। इसके बाद उन्होंने शिविर में लगे विभिन्न विभागीय स्टॉलों का गहनता से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, कठोतिया ने प्रत्येक विभाग के स्टॉल पर जाकर योजनाओं की प्रगति और मौके पर किए गए कार्यों की जानकारी ली। पंचायती राज विभाग के स्टॉल पर उन्होंने स्वामित्व योजना और पट्टा वितरण की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं अपने हाथों से पात्र ग्रामीणों को पट्टे वितरित किए। उन्होंने कृषि एवं विद्युत विभाग के स्टॉल पर पीएम सूर्यघर योजना, तारबंदी, सोलर पंप और मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण की स्थिति का जायजा लिया। पशुपालन विभाग में मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत पशुपालकों के पंजीकरण की जानकारी भी ली गई। साथ ही, पीएम आवास योजना के सर्वे और दीनदयाल उपाध्याय योजना के कार्यों के बारे में भी पूछताछ की गई।
संभागीय आयुक्त ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं के बारे में पूछा। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि यदि उन्हें कोई समस्या है, तो वे तुरंत संबंधित अधिकारियों को आवेदन दें। गौरतलब है कि जिला कलेक्टर डीग के आदेशानुसार, GRAM-2026 में किसानों और पशुपालकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिले के प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर ऐसे विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। कुम्हेर उपखंड में 24 जनवरी को पला, मूसेपुर, घोसिंगा और मूंड़िया गांवों में भी शिविर निर्धारित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *