बांसवाड़ा में पीएमश्री स्कूल में छात्रों के 2 गुट भिड़े:एक-दूसरे पर पत्थर फेंके, प्रिंसिपल ने पेरेंट्स को बुलाकर समझाइश की

बांसवाड़ा शहर के पीएमश्री कूपड़ा राजकीय विद्यालय के बाहर शनिवार दोपहर छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। इसकी चपेट में आने से वहां से गुजर रहा एक राहगीर भी घायल हो गया। कंट्रोल रूम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि पुलिस के आने से पहले मामला शांत हो गया। ​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के समय 11वीं कक्षा के तीन छात्र किसी बात को लेकर आपस में उलझ गए। विवाद बढ़ा तो अन्य साथी भी विवाद में शामिल हो गए और मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते पत्थरबाजी होने लगी, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। सदर थाना सीआई रुपसिंह ने बताया देर शाम तक दोनों ही पक्षों की ओर से थाने में कोई लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। वही प्रिंसिपल ने भी थाने में कोई रिपोर्ट नही दी है। ​प्रिंसिपल बोले- पेरेंट्स को बुलाकर समझाइश की है
स्कूल के प्रिंसिपल प्रमोद ताबियार ने बताया कि ​दोपहर में स्कूल के बाहर 11वीं के तीन छात्र आपस में झगड़ गए थे। कुछ बाहरी लोग भी इसमें शामिल थे। जानकारी मिलते ही उनके पेरेंट्स को स्कूल बुलाया गया। दोनों पक्षों को आमने-सामने बिठाकर समझाइश की गई है, जिससे फिर से ऐसा नहीं हो। ​डेढ़ साल पहले भी हुआ था बड़ा विवाद
​कूपड़ा विद्यालय में करीब डेढ़ साल पहले भी छात्रों के दो गुटों में झड़प हुई थी। तब एक छात्र के पास चाकू मिला था। तब रिपोर्ट भी दर्ज करवाई गई थी। हालांकि परिजनों ने स्कूल के बाहर पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *