गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पर सियासी पारा चढ़ गया है। भिंड शहर कांग्रेस कमेटी ने शनिवार दोपहर कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा से मुलाकात कर मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाया। कांग्रेस का आरोप है कि एसआईआर के नाम पर मतदाताओं के नाम बिना जानकारी काटने की साजिश रची जा रही है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदोरिया उर्फ पिंकी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर 22 में नियुक्त सुपरवाइजर शिवराज सिंह द्वारा बीएलओ को करीब 50 फॉर्म-7 देकर नाम कटवाने के निर्देश दिए गए। पार्टी का दावा है कि यह कदम मतदाता सूची के “शुद्धिकरण” की आड़ में वोटरों को वंचित करने का प्रयास है। कई मतदाताओं को यह तक पता नहीं कि उनके नाम से फॉर्म जमा हो चुके हैं। कांग्रेस ने इसे सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का मामला बताया। प्रेस को जारी बयान में संतोष त्रिपाठी ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य पारदर्शिता है, लेकिन यदि इसमें धांधली हुई तो लोकतंत्र पर सीधा हमला होगा। ज्ञापन में संबंधित सुपरवाइजर को तत्काल हटाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग रखी गई। कांग्रेस ने चेताया कि यदि प्रशासन ने समय रहते कदम नहीं उठाए तो शहर कांग्रेस जनबल के साथ कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेगी। मुलाकात के दौरान डॉ. राधेश्याम शर्मा, रामहरि सिंह कुशवाहा, संदीप मिश्रा, रेखा भदोरिया, हलीम पठान, मुकेश गर्ग, श्याम श्रीवास्तव, नानू अरेले, शिवशंकर भदोरिया, नेहा भदोरिया, कासिम खान, कासिम बेग, बंटू भदोरिया सहित कई कांग्रेसी मौजूद रहे। 26 जनवरी को धरना, बड़े नेता होंगे शामिल जिला कांग्रेस कमेटी शहर व ग्रामीण ने 26 जनवरी 2026 को सुबह 11 से शाम 3 बजे तक टिकासरा के सामने भारौली तिराहा, भिंड पर धरने का ऐलान किया है। एसआईआर में कथित धांधली, लहार में महिला जनपद अध्यक्ष कार्यालय में ताला और अनुसूचित जाति की नगरपालिका अध्यक्ष के काम में हस्तक्षेप के विरोध में यह प्रदर्शन होगा। कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, विधायक केशव देसाई सहित संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे।


