राजधानी रायपुर में सर्राफा कारोबार का 60 ग्राम सोना लेकर कारीगर फरार हो गया। कारोबारी की शिकायत पर गोल बाजार पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच में लिया है। कारोबारी का नाम पुलिस द्वारा नंदकिशोर सोनी (52 वर्ष) बताया जा रहा है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला रायपुर के नयापारा इलाके के शंकर चौक में निवासरत कारोबारी नंदकिशोर सोनी ने पुलिस को बताया, कि उसकी एल.जी. डाई कटिंग की दुकान है, जहां वे कारीगरों के माध्यम से सोने के जेवर बनवाने का काम करते हैं। नंदकिशोर सोनी ने पुलिस को बताया कि करीब दो साल पहले जान-पहचान के माध्यम से रंजीत कारीगर ने उन्हें राजू नाम के कारीगर से मिलवाया था। इसके बाद राजू को जेवर बनाने के काम पर दुकान में रखा गया था। कारोबारी के अनुसार, दिनांक 11 जनवरी 2026 को उन्होंने राजू कारीगर को 60 ग्राम कच्चा सोना जेवर बनाने के लिए दिया था। यह सोना दुकान में रखी कारीगरों की अलमारी में सुरक्षित रखा गया था। अगले दिन राजू ने तबीयत खराब होने की बात कहकर दुकान नहीं आने की सूचना दी। इसके बाद भी वह लगातार काम पर नहीं आया, जिससे कारोबारी को शक हुआ। अलमारी में रखा सोना गायब मिला कारोबारी कारीगर के घर पहुंचा तो उसके घर में ताला मिला। शक पर कारोबारी ने दुकान में रखी अलमारी खोली तो अलमारी में रखा 60 ग्राम सोना गायब था। घटना के बाद पीड़ित कारोबारी ने गोलबाजार थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार कारीगर राजू की तलाश शुरू कर दी है। तकनीकी जानकारी जुटा रही पुलिस गोल बाजार पुलिस के विवेचना अधिकारियों ने बताया, कि कारोबारी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज करके जांच की जा रही है। कारीगर के परिचितों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच अधिकारियों का कहना है, कि कारीगर को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


