जयपुर में 27वीं विंटेज एंड क्लासिक कार एग्जीबिशन शुरू:दीया कुमारी ने किया उद्घाटन, देशभर से करीब 100 दुर्लभ कारें हुई डिस्प्ले

राजपूताना ऑटोमोटिव स्पोर्ट्स कार क्लब (आरएएससीसी) की ओर से आयोजित 27वीं विंटेज और क्लासिक कार एग्जीबिशन और ड्राइव का शनिवार को ताज जय महल पैलेस में शुभारंभ हुआ। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने मुख्य अतिथि के रूप में एग्जीबिशन का उद्घाटन किया और विंटेज कार में बैठकर प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। दरअसल, इस एग्जीबिशन में दिल्ली, चंडीगढ़, मुंबई सहित राजस्थान के विभिन्न शहरों से करीब 100 विंटेज और क्लासिक कारें शामिल की गई हैं। कार्यक्रम में देशभर से आए कार कलेक्टर्स, ऑटोमोबाइल प्रेमी, पर्यटक और शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि यह आयोजन राजस्थान की समृद्ध ऑटोमोबाइल विरासत को संजोने के साथ-साथ पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम पहल है। उन्होंने कहा कि जयपुर और राजस्थान का ऑटोमोटिव इतिहास बेहद समृद्ध रहा है, इस तरह के आयोजन राज्य की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर मजबूत करते हैं। उन्होंने खुशी जताई कि हर साल इस आयोजन से जुड़ने वालों की संख्या बढ़ रही है, लोग विंटेज कारों के संरक्षण में रुचि दिखा रहे हैं। इस बार एग्जीबिशन में कई दुर्लभ और ऐतिहासिक कारें आकर्षण का केंद्र है। इनमें 1929 की बुगाटी, 1957 बेंटली S1, 1950 जगुआर XK 120 और 1973 पोंटिएक फायरबर्ड जैसी प्रतिष्ठित कारें शामिल हैं। इसके साथ ही जयपुर के प्रमुख कलेक्टर्स जैसे कमल एंड कंपनी, जेम पैलेस, घनी ऑटोज़ और अन्य के संग्रह भी प्रदर्शित किए गए हैं। इस दौरान आरएएससीसी के संस्थापक अध्यक्ष दयानिधि कासलीवाल, उपाध्यक्ष सुधीर कासलीवाल, सचिव अविजित सिंह बदनौर, पर्यटन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर उपेंद्र सिंह शेखावत सहित कई गणमान्य मेहमान भी मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य राजस्थान में पर्यटन को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ भारत की ऑटोमोबाइल हेरिटेज को संरक्षित करना है। यह आयोजन उन पुराने मैकेनिक्स को भी प्रोत्साहन देता है, जिनका पारंपरिक हुनर बदलती तकनीक के दौर में पीछे छूटता जा रहा है। वहीं अब रविवार 25 जनवरी को विंटेज और क्लासिक कार ड्राइव होगी। सुबह 11 बजे ताज जय महल पैलेस से रवाना होने वाली इस ड्राइव को उपमुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा हरी झंडी दिखाएंगे। ड्राइव एमआई रोड, पांच बत्ती, स्टेच्यू सर्कल, अंबेडकर सर्कल और चोम्मू सर्कल सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। दोपहर बाद ताज जय महल पैलेस में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। जिसमें खेल एवं युवा मामलों के मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ मुख्य अतिथि के रूप में विजेताओं को सम्मानित करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *