77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर रायपुर में देशभक्ति और फिटनेस का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। छत्तीसगढ़ और ओडिशा सब एरिया (COSA) की ओर से स्पोर्ट्स एंथुसियास्टिक एसोसिएशन ऑफ रायपुर के सहयोग से 25 जनवरी को भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह साइकिल रैली रायपुर के करेंसी टॉवर चौक से शुरू होकर नया रायपुर स्थित सेंध झील तक पहुंचेगी। रैली के दौरान प्रतिभागी लगभग 40 किलोमीटर का सफर तय करेंगे। सेना के जवानों के साथ शहर के साइकिल प्रेमी लेंगे हिस्सा रैली में भारतीय सेना के जवानों के साथ रायपुर के बड़ी संख्या में साइकिल प्रेमी शामिल होंगे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों में देशभक्ति, आपसी भाईचारे, टीम भावना और शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। समापन पर सैन्य बैंड की प्रस्तुति रैली के समापन के बाद सेंध झील परिसर में भारतीय सेना के मिलिट्री बैंड द्वारा विशेष प्रस्तुति दी जाएगी, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होगी। वरिष्ठ सैन्य अधिकारी रहेंगे मौजूद इस मौके पर छत्तीसगढ़ और ओडिशा सब एरिया के कमांडर ब्रिगेडियर तेजिंदर सिंह बावा (सेना मेडल) भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाएंगे।


