बलौदाबाजार जिले के खैरा गांव में एक स्कूल के बाहर सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान गोली चली। इस घटना में एक छात्रा के पैर में छर्रा लग गया। घायल छात्रा को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, खैरा हायर सेकेंडरी स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। दोपहर करीब 3:30 बजे कुछ छात्राएं स्कूल परिसर से बाहर गुपचुप खाने निकली थीं। गुपचुप विक्रेता के पास बुकिंग अधिक होने के कारण गुपचुप खत्म हो गया था, जिस पर वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति से छात्राओं का विवाद हो गया। विवाद के बाद अज्ञात ने किया फायर विवाद बढ़ने पर अज्ञात व्यक्ति ने अपनी दोनाली बंदूक से फायर कर दिया। गोली का छर्रा पास खड़ी एक छात्रा के पैर में लगा। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। स्कूल स्टाफ ने घायल छात्रा को अस्पताल पहुंचाया घटना के तुरंत बाद स्कूल स्टाफ ने घायल छात्रा को बलौदाबाजार के जिला चिकित्सालय पहुंचाया। उपचार के बाद उसकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। सिटी कोतवाली थाना में मामले की शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और उसकी तलाश की जा रही है।


