सागर में बर्फीली हवाओं से कड़ाके की सर्दी:न्यूनतम पारा 8 डिग्री पर स्थिर, सार्वजनिक स्थानों पर इलेक्ट्रिक हीटर लगाएगा निगम

मध्यप्रदेश में शीतलहर का दौर जारी है। सागर में भी सर्द हवाओं के साथ कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। रविवार को सागर में हवाएं चलने से रात के साथ दिन में भी ठिठुरन रही। लोग दिन में भी कंपकंपाते हुए नजर आए। प्रदेश समेत सागर में अगले दो दिनों तक कड़ाके की ठंड का अलर्ट जारी है। सागर में सुबह और शाम को सर्द हवाओं के असर से कंपकंपा देने वाली ठंड पड़ रही है, लेकिन नगर निगम ने अलाव नहीं जलवाए हैं। निगम का कहना है कि अलाव से प्रदूषण न हो, इसके लिए शहर के सार्वजनिक स्थानों पर इलेक्ट्रिक हीटर की व्यवस्था कराई जाएगी। ठंड को देखते हुए नगर निगम शहर के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सरकारी अस्पतालों में इलेक्ट्रिक हीटर लगाने की तैयारी कर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत से स्ट्रॉन्ग बर्फीली हवाएं आ रही हैं। इस कारण से पूरा प्रदेश ठिठुर रहा है। अगले दो दिन ऐसा ही मौसम बना रहेगा। पश्चिम उत्तर भारत में 12.6 किमी की ऊंचाई पर 222 किमी प्रतिघंटा की गति से सब ट्रॉपिकल जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। इस कारण से बर्फीली हवाएं आ रही हैं। जिससे तापमान में गिरावट आई है। अगले 24 घंटे कड़ाके की सर्दी पड़ेगी
सागर में सर्द हवाओं के कारण इन दिनों शहर में लोग शाम 6 बजे ही घर में दुबक जाते हैं और सुबह 10 बजे के बाद घर से निकला उचित समझते हैं। रविवार को भी दिनभर सर्द हवाओं ने ठिठुरा दिया। अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि हवा की रफ्तार कम होने से दिन और रात के पारे में हल्की बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग की मानें तो उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के असर से आगामी 24 घंटे में कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहेगा। 48 घंटों के बाद हल्की राहत मिलने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *