पंजाब के बरनाला में बसंत पंचमी के त्योहार को लेकर शहर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 2 फरवरी को मनाए जाने वाले इस पर्व के लिए बाजारों में पतंग और मांझे की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ जमा है। खास बात यह है कि बाजार में हर वर्ग के लिए अलग-अलग तरह की पतंगें उपलब्ध हैं। बाजार में बच्चों के लिए विशेष पतंगों के साथ-साथ युवाओं के लिए आकर्षक डिजाइन, देशभक्ति की भावना को दर्शाने वाली और प्रेम संदेश वाली पतंगें भी मौजूद हैं। पतंग व्यापारी चमन कुमार ने बताया कि इस वर्ष बिक्री बेहतर हो रही है और लोग त्योहार की तैयारियों में जुटे हैं। व्यापारी खुद भी चाइना डोर के खिलाफ जागरूकता फैला रहे हैं और ग्राहक भी इसकी मांग नहीं कर रहे। चाइना डोर को लेकर सख्ती पुलिस प्रशासन ने चाइना डोर पर कड़ी कार्रवाई का ऐलान किया है। बरनाला सिटी थाना एसएचओ लखविंदर सिंह ने स्पष्ट किया कि चाइना डोर बेचने या इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। त्योहार की खुशी में शामिल होते हुए न केवल लड़के बल्कि लड़कियां भी पतंगबाजी में भाग ले रही हैं। खरीदारी करने आए परिवारों का कहना है कि बसंत पंचमी रंग-बिरंगी पतंगों का त्योहार है और इसे पूरी धूमधाम से मनाया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने चाइना डोर के इस्तेमाल से बचने की अपील की है। इस प्रकार बरनाला में बसंत पंचमी का त्योहार सुरक्षा के साथ-साथ उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है।


