1.50 करोड़ से बदलेगी 3 चौराहों की तस्वीर:50-50 लाख रुपए होंगे खर्च, पीले पत्थरों से होगा निर्माण

जैसलमेर के सौंदर्यीकरण के सिलसिले में चौराहों पर बने सर्किलों के दिन फिरने वाले हैं। नगर परिषद की ओर से नगर के 3 चौराहों का सौंदर्यीकरण करते हुए पुनर्निर्माण करवाया जाएगा। प्रत्येक चौराहा के कार्य पर 50-50 लाख रुपए की राशि का प्रावधान किया गया है। नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढा ने बताया- इसके लिए संबंधित ठेकेदार को कार्यादेश जारी किया जा चुका है। दिसम्बर महीने के दूसरे पखवाड़े में जैसलमेर में प्रस्तावित वस्तु एवं सेवा कर परिषद (जीएसटी) की 55वीं बैठक में होने वाली वीआइपी विजिट के मद्देनजर ये कार्य उसके बाद शुरू करवाए जाएंगे। आयुक्त लजपाल सिंह ने बताया- नगर परिषद की तरफ से स्वर्णनगरी चौराहा के साथ गड़ीसर सर्किल और सबसे प्रमुख हनुमान चौराहा के सौंदर्यीकरण कार्य सबसे पहले करवाया जाएगा। पंचायत समिति सम कार्यालय के आगे बने सर्किल व सम मार्ग पर स्थित विजय स्तम्भ सर्किल का सौन्दर्यकरण नगर विकास न्यास की तरफ से करवाया जाना है। इसके लिए न्यास अलग से कार्रवाई करेगा। नगर परिषद ने चौराहा सौंदर्यीकरण की कड़ी में एयरफोर्स चौराहा व उससे आगे किशन सिंह भाटी बस स्टैंड चौराहा के नव निर्माण के लिए भी टेंडर जारी किए थे लेकिन किन्हीं कारणों से यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। लेकिन इन तीन चौराहों पर 50-50 लाख की राशि खर्च कर इनका सौन्दर्यकरण किया जाएगा। पीले पत्थरों से सजेंगे चौराहे जैसलमेर आने वाले प्रत्येक वीआईपी और पर्यटक के लिए रेलवे स्टेशन व बाड़मेर मार्ग से होकर शहर में प्रवेश और कहीं भी जाने के लिए यह एक सबसे प्रमुख मार्ग है। इसी मार्ग पर गड़ीसर सरोवर, नगर परिषद कार्यालय, एयरफोर्स चौराहा है और आगे लगातार चलने पर हनुमान चौराहा आता है। लगभग सभी सैलानी इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं। ऐसे में इस पर बने चौराहों के सौंदर्यीकरण की जरूरत लम्बे समय से महसूस की जाती रही है। पत्थर की रेलिंग के आए दिन क्षतिग्रस्त होने की समस्या भी सामने आती रही है। इसी तरह से कई वर्ष पुराने होने से सर्किल के प्लेटफार्म कहीं-कहीं सडक़ के बराबर स्तर पर आ चुके हैं तो कहीं दोनों में बहुत कम अंतर रह गया है। अब इनको पीले पत्थरों से बढ़िया और सुंदर बनाने का काम किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *