छिंदवाड़ा जिले के बरारीपुरा इलाके में 31 वर्षीय युवक ने आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की। पहले उसने फांसी लगाने का प्रयास किया, लेकिन रस्सी टूट जाने के कारण वह सफल नहीं हो सका। इसके बाद उसने ग्राइंडर मशीन से अपना गला काट लिया। गंभीर रूप से घायल युवक को नागपुर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। कोतवाली थाना निरीक्षक आशीष कुमार ने बताया कि घटना की सूचना शनिवार सुबह करीब 5 बजे घायल युवक मोनू वर्मा के भाई सोनू वर्मा ने दी। परिजन मोनू को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे नागपुर रेफर कर दिया। नशा छोड़ने के बाद गुमसुम रहने लगा
पुलिस के अनुसार मोनू वर्मा भवन निर्माण और काश्तकारी से जुड़ा व्यवसाय करता है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह पहले नशा करता था, जिसे उसने कुछ समय पहले छोड़ दिया था। इसके बाद से वह काफी गुमसुम रहने लगा था। वह तीन दिनों से किसी से ठीक से बातचीत नहीं कर रहा था। देर रात कमरे से चीखने की आवाज आई
परिजनों ने बताया कि देर रात घर के अंदर से तेज आवाज सुनाई दी। जब वे उसके कमरे के पास पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। कुछ देर बाद फिर आवाज आने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा और अंदर प्रवेश किया, जहां मोनू खून से लथपथ और अचेत अवस्था में पड़ा मिला। अभी परेशानी का कारण पता नहीं चला
पुलिस जांच में यह सामने आया है कि युवक ने पहले फांसी लगाने की कोशिश की थी, लेकिन असफल रहने पर उसने खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। परिजनों के अनुसार, उसकी परेशानी के कारणों को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


