धनबाद के IIT ISM में तीन दिवसीय सोशियो-कल्चरल फेस्ट ‘सृजन 2025’ की शुरुआत उत्साह और जोश के साथ हुई। इस वर्ष के आयोजन में विशेष आकर्षण प्रसिद्ध संगीतकार सलीम सुलेमान का परफॉर्मेंस होगा, जो 2 फरवरी को स्टार नाइट में छात्रों को अपनी प्रस्तुति से मंत्रमुग्ध करेंगे। कार्यक्रम के पहले दिन की शुरुआत ईडीएम नाइट से हुई, जिसमें डीजे यंग एंड ब्रोक के संगीत पर छात्र-छात्राओं ने जमकर नृत्य किया। इसके साथ ही आकर्षक फैशन शो और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। महोत्सव में साहित्य, नृत्य, कॉमेडी, सिनेमा, नाटक, क्विज, फाइन आर्ट्स, पाक कला और संगीत जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। संस्थान के लोअर ग्राउंड में जेल ब्लास्टर, शूटिंग और आर्चरी जैसे रोमांचक खेलों का आयोजन किया गया है, जिसमें छात्र बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। इस वर्ष का सृजन और भी खास है क्योंकि 1975 बैच के पूर्व छात्र अपना गोल्डन जुबली समारोह भी इसी दौरान मनाएंगे। साथ ही, यह उत्सव बसंत पंचमी के साथ मिलकर और भी रंगीन हो गया है।


