मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में किशोरी से रेप का मामला सामने आया है। एसपी के निर्देश के बाद पुलिस ने एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। आरोपी युवक ने पहले किशोरी से शादी करने का वादा कर उसे कोर्ट में बयान बदलने के लिए राजी किया था, लेकिन अब बालिग होने पर वह अपने वादे से मुकर गया। यह है पूरा मामला यह मामला 3 अगस्त 2024 को शुरू हुआ था, जब नईगढ़ी थाना क्षेत्र की एक नाबालिग किशोरी का अपहरण कर लिया गया था। लंबी तलाश के बाद फरवरी 2025 में पुलिस ने किशोरी को जबलपुर से बरामद किया था। उस वक्त उसके साथ मनीष कुशवाहा (निवासी मढ़ी) नाम का युवक भी पकड़ा गया था। शादी के वादे पर बदल दिए थे बयान नईगढ़ी थाना प्रभारी गोविंद तिवारी ने बताया कि उस समय आरोपी मनीष ने किशोरी को विश्वास दिलाया था कि जैसे ही वह बालिग होगी, वह उससे शादी कर लेगा। इसी झांसे में आकर किशोरी ने अदालत में अपने बयान बदल दिए और अपहरण या दुष्कर्म की बात से इनकार कर दिया। नतीजतन, पुलिस ने किशोरी के बयानों के आधार पर मामला बंद कर दिया था। बालिग हुई तो शादी से किया इनकार अब किशोरी के बालिग होने पर जब उसने और उसके परिजनों ने मनीष पर शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी युवक ने शादी करने से साफ मना कर दिया। खुद को ठगा महसूस कर पीड़िता के परिजन SP कार्यालय पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर फिर खुली फाइल मामले की गंभीरता और पीड़िता के साथ हुई धोखाधड़ी को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। शनिवार शाम को पुलिस ने आरोपी मनीष कुशवाहा के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।


