देश के साथ-साथ बस्तर में भी 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। 25 जनवरी को आयोजित होने वाले इस लोकतांत्रिक उत्सव को लेकर निर्वाचन आयोग ने राज्य, जिला और बूथ स्तर तक व्यापक तैयारियां की हैं। इस साल राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम ‘मेरा भारत, मेरा वोट’ रखी गई है। वहीं इसकी टैगलाइन ‘इंडियन सिटीजन एट हार्ट ऑफ इंडियन डेमोक्रेसी’ तय की गई है, जो भारतीय लोकतंत्र में आम नागरिक की भूमिका और महत्व को बताती है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बस्तर जिले का मुख्य कार्यक्रम कृषि महाविद्यालय, कुम्हरावंड के ऑडिटोरियम में दोपहर 2 बजे आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा जिला प्रशासन और निर्वाचन से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करना, उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देना और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। आयोग का फोकस नए और युवा मतदाताओं को लोकतंत्र की मुख्यधारा से जोड़ने पर रहेगा।


