मॉडल टाउन एक्सटेंशन स्थित अमर शहीद बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा साहिब से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन छत्रछाया और पंज प्यारों की अगुवाई में एक भव्य व विशाल नगर कीर्तन सजाया गया। नगर कीर्तन में सबसे आगे हाथी, घोड़े और ऊंटों पर सवार सिंह नगाड़ा और पारंपरिक बाजे बजाते हुए चल रहे थे। उनके पीछे बैंड-बाजे, गतका टीमें और छोटे-छोटे बच्चे पंज प्यारों के स्वरूप में सजे हुए थे। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी साहिब को सुंदर फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। पालकी साहिब के पीछे चल रही संगत सिमरन में लीन होकर धन-धन बाबा दीप सिंह जी, मेरा तू ही सहारा बाबा दीप सिंह जी, भर दो झोली मेरी बाबा जी जैसे शबदों का उच्चारण करती हुई आगे बढ़ी। पूरे मार्ग में संगत ने फूलों की वर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया। गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान सुरिंदर सिंह बिंद्रा, सेक्रेटरी सुखविंदर सिंह सरना (लाली), नवप्रीत सिंह बिंद्रा और हरप्रीत सिंह राजधानी ने बताया कि नगर कीर्तन कृष्णा मंदिर रोड, इश्मीत चौक, गुरु तेग बहादुर हॉस्पिटल रोड, शास्त्री नगर मार्केट, मॉडल टाउन गोल मार्केट, चार खंभा रोड और बिजली दफ्तर रोड से होता हुआ वापस गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न हुआ। अमरजीत सिंह टिक्का की ओर से दूध का विशेष लंगर लगाया गया, जिसमें बादाम और पिस्ता से बाबा दीप सिंह कड़ाही पर अंकित किया गया था। वहीं नवजोत कौर द्वारा देसी पिन्नी का लंगर लगाया। इस अवसर पर कमेटी की ओर से सभी गतका टीमों, स्त्री सत्संग सभा और लंगर सेवा में जुटी संगत को सम्मानित किया । कमेटी ने जानकारी दी कि आज पहली बार मोहल्ला खेला का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें करीब 500 निहंग सिंह बोले सो निहाल के जयकारों के साथ हरनाम नगर गुरुद्वारा साहिब से अमर शहीद बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा साहिब तक पहुंचेंगे। नगर कीर्तन में जिला प्रधान अकाली दल बादल हरप्रीत सिंह डंग, भूपिंदर सिंह भिंदा, भारत भूषण आशू और पवन दीवान ने लंगर सेवा निभाई।


