छत्तीसगढ़ के धमतरी में साइकिल को लेकर हुए विवाद में जीजा-साले ने आधी रात को एक युवक की हत्या कर दी। आरोपियों ने युवक पर पांच बार चाकू से वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी और मृतक एक ही मोहल्ले मराठा पारा के रहने वाले हैं। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने जांच में पाया कि साइकिल को लेकर हुए विवाद की वजह से जीजा साले ने युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है। दरअसल, घटना उस समय हुई जब मृतक युवक छठी के कार्यक्रम से लौट रहा था। दूसरी तरफ, वार्ड में आरोपियों के घर शोक का कार्यक्रम चल रहा था। वार्ड के बीच में ही जीजा-साले ने युवक को घेर लिया और अचानक चाकू से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। छठी कार्यक्रम में लौटते वक्त वारदात को दिया अंजाम थाना प्रभारी राजेश मरई ने बताया कि उन्हें शनिवार सुबह सूचना मिली कि मराठा पारा में शुक्रवार की रात करीब ़़11 बजे एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी है। पूछताछ में पता चला कि मृतक शंकर ढीमर मराठा पारा का रहने वाला था। वो शुक्रवार करीब 11 बजे अपने पड़ोसी के घर छठी कार्यक्रम में गया हुआ था। कार्यक्रम से वापस लौटते समय युवक मराठा मंगल भवन के पास पीपल के पेड़ के नीचे बैठ गया। दो-तीन दिन पहले युवक से हुए विवाद को लेकर हुआ झगड़ा इसी बीच मराठा पारा के कुई उर्फ मोनू गोंड़ और जन्मदेव सोरी दोनों आए और दो-तीन दिन पहले शंकर ढीमर से हुए विवाद को लेकर झगड़ने लगे। दोनों आरोपी ने शंकर से अपने मामा की साइकिल को वापस लौटने की बात कही। इसी बात को लेकर आरोपियों और युवक के बीच विवाद बढ़ने लगा। दोनों आरोपियों ने युवक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। दोनों के बीच इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने अपने पास रखे चाकू से युवक पर हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक के सीने, पेट और जांघ में करीब 5 बार चाकू से वार कर दिया। हमले में युवक बुरी तरह घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं चाकू से हमले में खून से लथपथ शंकर ढीमर को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान शंकर ढीमर की मौत हो गई। इधर, पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। वहीं घटना में इस्तेमाल चाकू को भी बरामद कर लिया गया है। दोनों आरोपी रिश्ते में जीजा-साला हैं।


