तोकापाल| ज़िला प्रशासन, एचएसबीसी इंडिया और ओपन लिंक्स फाउंडेशन के संयुक्त आयोजन से बिनाका हेरिटेज बस्तर में नौवां विनोबा शिक्षण उत्सव भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर शिक्षा में उत्कृष्ट कार्य और नवाचार के लिए दरभा ब्लॉक को प्रथम स्थान प्रदान किया गया। उत्सव का उद्देश्य दूर-दराज़ और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में कार्य कर रहे शिक्षकों के समर्पण, नवाचार और नेतृत्व को पहचान देना तथा उन्हें सम्मानित करना रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बस्तर ज़िला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन ने कहा कि बस्तर जैसे क्षेत्रों में शिक्षक कई बार अपने निजी संसाधन और समय लगाकर बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने में जुटे रहते हैं। ऐसे समर्पित प्रयासों को मंच देकर सम्मानित करना न केवल उनका मनोबल बढ़ाता है, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र को सशक्त बनाता है। कार्यक्रम के दौरान ‘मॉर्निंग असेंबली’ विषय पर एक विचारोत्तेजक पैनल चर्चा आयोजित की गई।


