भास्कर न्यूज | जांजगीर जिला मुख्यालय से लगे ग्राम पुटपुरा में राठौर परिवार द्वारा आयोजित नौ दिवसीय श्री देवी भागवत कथा से पूरा गांव अध्यात्म के रंग में रंग गया है। कथा के पहले दिन से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिससे आयोजन स्थल पर भक्ति और आस्था का अद्भुत वातावरण देखने को मिल रहा है। इस धार्मिक आयोजन में ग्राम पुटपुरा निवासी कथावाचक राधेश्याम शास्त्री द्वारा देवी भागवत महापुराण का वाचन किया जा रहा है। वे कथा को सरल, भावपूर्ण और संवादात्मक शैली में प्रस्तुत कर रहे हैं। कथा के दौरान देवी के विभिन्न स्वरूप, नारी शक्ति, धर्म, जीवन मूल्य और नैतिक शिक्षा से जुड़े प्रसंगों को ग्रामीण परिवेश से जोड़कर सुनाया जा रहा है, जिससे श्रोताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित हो रहा है। देवी भागवत कथा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित की जा रही है। इसमें महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं।


