भास्कर न्यूज | बाड़मेर पश्चिमी राजस्थान के युवाओं को वैश्विक अवसरों से जोड़ने की दिशा में शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी की दूरदर्शी पहल अब ठोस परिणाम देने लगी है। एक वर्ष पूर्व शिव क्षेत्र में प्रारंभ किए गए प्रोजेक्ट ने आज युवाओं के लिए नए द्वार खोल दिए हैं। इस पहल के माध्यम से क्षेत्र के युवा जर्मन भाषा सीखकर न केवल अपने कॅरियर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, बल्कि अपने आत्मविश्वास और भविष्य की संभावनाओं को भी सशक्त कर रहे हैं। हाल ही में इस प्रोजेक्ट से जुड़े युवाओं ने जयपुर स्थित विधायक रविन्द्र सिंह भाटी के आवास पर उनसे मुलाकात की। इस दौरान विधायक भाटी ने युवाओं से संवाद करते हुए उनकी शैक्षणिक प्रगति, भविष्य की योजनाओं और आकांक्षाओं पर विस्तार से चर्चा की। इसके पश्चात विधायक ने इन युवाओं को राजस्थान विधानसभा का भ्रमण भी करवाया, जहां उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, विधायी कार्यप्रणाली से रूबरू होने का अवसर मिला। इस अवसर पर विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने कहा कि प्रोजेक्ट सनलाइट केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि पश्चिमी राजस्थान के युवाओं के सपनों, संघर्ष और आत्मनिर्भर भविष्य की नींव है।


