भीलवाड़ा में सिक्योरिटी गार्ड के रूम को तोड़ते हुए बेकाबू कंटेनर कॉलोनी में घुस गया। ड्राइवर नशे में 15 मिनट तक कंटेनर को गली में 500 मीटर तक दौड़ाता रहा। 7 कार और एक बाइक को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। अफरा-तफरी के माहौल के बीच कंटेनर को रोकने और ड्राइवर को पकड़ने के लिए लोग लाठियां लेकर पीछे दौड़े। एक युवक कंटेनर के केबिन में चढ़ा तो ड्राइवर ने कंटेनर की रफ्तार बढ़ा दी। युवक ने तुरंत कूदकर जान बचाई। इस दौरान सामने खड़ी बोलेरो चपेट में आने से बच गई। घटना के बाद आरोपी ड्राइवर कंटेनर लेकर फरार हो गया। घटना चित्तौड़गढ़ रोड पर सुखाड़िया स्टेडियम के पास कमला विहार क्रिस्टल कॉलोनी में शुक्रवार रात करीब 8 बजे हुई। घटना से जुड़ीं PHOTOS… हादसे के बाद की PHOTOS.. कॉलोनी की गली में गार्ड के केबिन को तोड़कर घुसा कॉलोनी निवासी प्रिंस सिसोदिया ने बताया- प्रतापनगर थाना क्षेत्र में कंटेनर ने सबसे पहले कॉलोनी गेट पर गार्ड की केबिन को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त किया। इसके बाद कंटेनर कॉलोनी की गलियों में दौड़ता रहा और लगातार वाहनों को टक्कर मारता गया। कंटेनर ड्राइवर ने गली में में दौड़ते हुए 7 कारें और एक बाइक क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद कॉलोनी में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग बचने के लिए दौड़ते नजर आए। वहीं कुछ लोगों ने कंटेनर को पकड़ने के लिए लाठियों लेकर पीछा किया तो कुछ लोग बाइक से दौड़े। तेज घुमाव पर कंटेनर के धीरे होते ही एक युवक कंटेनर के केबिन में चढ़ने लगा। तभी ड्राइवर ने कंटेनर को फिर से दौड़ा दिया। युवक केबिन के बाहर लटकता रह गया। जान बचाने के लिए युवक नीचे कूद गया। ड्राइवर की तलाश में जुटी पुलिस कॉलोनीवासियों ने कंटेनर ड्राइवर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह कंटेनर लेकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि ड्राइवर नशे की हालत में था। प्रतापनगर पुलिस को सूचना मिलने पर सीआई राजपाल सिंह के निर्देश पर पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस अब ड्राइवर की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है। — संबंधित ये खबर भी पढ़ें … 13 लोगों को मारने वाला ड्राइवर बोला-मुझसे गलती हो गई:जयपुर में 17 गाड़ियों को कुचला था, पुलिस ने किया गिरफ्तार; कहा-मुझे बचा लो जयपुर में 13 लोगों को कुचलकर मारने वाले डंपर ड्राइवर कल्याण मीणा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। (पूरी खबर पढ़ें)


