कवर्धा| जिले में युवाओं को रोजगार, अनुशासन और राष्ट्र सेवा से जोड़ने की दिशा में कबीरधाम पुलिस की पहल अब ठोस परिणाम देने लगी है। कबीरधाम पुलिस द्वारा संचालित स्वामी विवेकानंद अकादमी से प्रशिक्षित 7 युवाओं का हाल ही में केंद्रीय सशस्त्र बलों में चयन हुआ है। यह उपलब्धि न केवल चयनित युवाओं के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे जिले के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। एसपी धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन और एएसपी पुष्पेंद्र बघेल, अमित पटेल के मार्गदर्शन में यह अकादमी संचालित हो रही है। अकादमी के माध्यम से युवाओं को पुलिस, भारतीय सेना और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की भर्ती परीक्षाओं के लिए शारीरिक, मानसिक व शैक्षणिक रूप से सुदृढ़ प्रशिक्षित किया जा रहा है। यह अकादमी अब केवल प्रशिक्षण केंद्र नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने का मंच है।


