बुजुर्ग को खाना खिलाते कर्मचारी। रांची | सदर अस्पताल परिसर में 80 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई थी। लोगों ने कोताही बरतने का आरोप लगाया, जिसके बाद प्रबंधन ने जांच की। जांच के बाद सिविल सर्जन और उपाधीक्षक ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर जानकारी दी कि जिस बुजुर्ग की मौत हुई, वो पिछले तीन दिनों से अस्पताल में रह रहा था। वह बीमार नहीं था। खुद से चलकर आया था। ठंड से बचने के लिए इमरजेंसी के पास रह रहा था। ट्रॉली मैन उसे खाना भी दे रहे थे। शनिवार की सुबह इडली खिलाने के बाद बुजुर्ग के कहने पर उन्हें धूप में बिठाया था, वहीं बैठे-बैठे लुढ़क कर गिर गए। जांच के लिए अंदर लाया गया तो पता चला कि हृदय गति रुकने से उनकी मौत हो गई है। उसके बाद थाना को जानकारी देकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया। सिविल सर्जन डॉ. प्रभात ने बताया कि सदर में बड़ी संख्या में बुजुर्ग या लावारिस लोग ठंड और गर्मी से बचने के लिए हमेशा आते रहते हैं। उन्हें इलाज की जरूरत नहीं होती। अस्पताल में वो खाना भी मांग कर खाते हैं। यह बुजुर्ग भी रोज खाना मांग रहा था, ट्रॉली मैन उसे खिला रहे थे।


