दिसंबर और जनवरी के महीने में पिकनिक मनाने के लिए लोग पिकनिक स्पॉट का चुनाव कर चुके हैं। प्रकृति की गोद में बसा झारखंड इस वर्ष भी आसपास के राज्यों के लिए पहली पसंद है। यहां की खूबसूरत वादियां, हरे-भरे जंगल और मनमोहक झरने सैलानियों को अपनी ओर खींच रहे हैं। सैलानी नेतरहाट, पतरातू, बेतला समेत आसपास के वाटर फॉल में पिकनिक मनाने पहुंचने लगे हैं। टूर एंड ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अनुसार, अहमदाबाद, बंगाल, मुंबई और ओड़िशा से लोग रांची पहुंच रहे हैं। नेतरहाट, पतरातू व बेतला के आसपास के होटल भी लगभग बुक हो चुके हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरदीप सहाय ने कहा कि रांची आने के लिए दिसंबर और जनवरी में 25000 से ज्यादा लोगों ने रेलवे व फ्लाइट्स के िटकट बुक कराए हैं। बुकिंग अभी जारी है। निजी वाहनों से भी लोग रांची आते हैं। फिर राज्य के अन्य पर्यटन स्थलों तक जाते हैं। दिसंबर व जनवरी में रांची से शिमला, जम्मू, उत्तराखंड, प्रयागराज, केरल व गोवा जाने वाले पर्यटक इस बार पिछले वर्ष से 10% ज्यादा हैं। गोवा, अंडमान-निकोबार, केरल, जम्मू के लिए ज्यादा फ्लाइट की बुकिंग : शैलेश झारखंड चैंबर के टूरिज्म सब कमेटी के चेयरमैन शैलेश अग्रवाल ने बताया कि डोमेस्टिक में गोवा, अंडमान-निकोबार, केरल, जम्मू आदि जगहों के लिए ज्यादा फ्लाइट की बुकिंग हो रही है। टिकट की कीमत दोगुनी हो गई हैं। पिछले साल से इस वर्ष अब तक करीब 10 से 15% ज्यादा िटकट की बुकिंग हुई है। रांची से गोवा और दिल्ली जाने वालों के लिए फ्लाइट का कॉस्ट दोगुना हो गया है : शंकर टूर एंड ट्रैवल एजेंसी ‘घूम के देखो’ के संचालक शंकर रॉय ने कहा कि फ्लाइट का कॉस्ट इस समय दोगुना हो गया है। रांची से दिल्ली का किराया 10,000 से 13,000 रु. तक पहुंच गया है, दो माह पूर्व 6000 रुपए था। रांची से गोवा जाने के लिए लोगों को 15 से 16 हजार रुपए तक चुकाने पड़ रहे हैं। गोवा, कोलकाता, केरल आदि की ट्रेनों में चल रही लंबी वेटिंग : अमरदीप टूर एंड ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरदीप सहाय ने कहा कि इस वर्ष अन्य राज्य से आने वाले लोग पतरातू और नेतरहाट की ज्यादा पूछ-परख कर रहे हैं। झारखंड में पर्यटन के क्षेत्र पर ध्यान देने की जरूरत है। यदि पर्यटकों को पूरी सुविधा मिले तो झारखंड में पूरे देश से लोग आएंगे। रेलवे में गोवा, कोलकाता, केरल आदि की ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है।


