सर्दी का हमला-हारी धूप:दिन सामान्य से 5.3 डिग्री ज्यादा ठंडा, 4 साल में दूसरी बार, पारा 6.2 डिग्री टूटकर 19.2, बादलों से बढ़ी गलन

पहाड़ों पर हो रही भारी बर्फबारी ने एक बार फिर मैदानों को तेज ठंड की गिरफ्त में ले लिया है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से उदयपुर में सर्दी ने अचानक तीखे तेवर दिखाए और शहर 4 साल बाद जनवरी में फिर धूज गया। शनिवार को दिन सामान्य से 5.3 डिग्री ज्यादा ठंडा रहा। पारा 6.2 डिग्री और गिरकर 19.2 डिग्री रह गया। रात का पारा 6.4 डिग्री फिसलकर 8 डिग्री दर्ज हुआ। जनवरी में औसत अधिकतम तापमान 24.5 और न्यूनतम 8 डिग्री रहता है। यानी दिन असामान्य रूप से ठंडे रहे, जबकि रात औसत के आसपास ठिठकी रही। 22 जनवरी को अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री था। यानी यह महज दो दिन में करीब 8 डिग्री तक टूट गया। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण दिनभर बादल छाए रहे। इसके चलते धूप भी बेअसर हो गई। असर…सड़कों पर अलाव, घरों में हीटर ठंड का असर जनजीवन पर साफ दिखा। 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही सर्द हवाओं ने हालात और बिगाड़ दिए। दोपहर में भी गलन बनी रही और शाम ढलते ही सर्दी ने तीखा रूप ले लिया। हालात ऐसे रहे कि हाथ-पैर की उंगलियां सुन्न पड़ने लगीं। चौराहों और सड़कों पर तैनात पुलिस व होमगार्ड जवानों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। वहीं, घरों में लंबे समय बाद हीटर ऑन होते नजर आए। भास्कर एक्सपर्ट- आगे : दो दिन और कंपकंपी
मौसम विशेषज्ञ डॉ. आरएस देवड़ा के अनुसार, हिमालय में जारी बर्फबारी का असर अभी बना रहेगा। दो दिन शीतलहर, हल्के बादल और दिन में गलन रहेगी। पारे में मामूली नरमी संभव है। यानी ठंड में राहत की उम्मीद कम है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *