राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागड़े नागौर में अठियासन स्थित श्रीनाहर भवानी माता मंदिर पहुंचे। जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित, पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस समेत अधिकारियों व मंदिर ट्रस्ट पदाधिकारियों ने अगवानी की। पुलिस के जवानों ने नागौर आगमन पर राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। राज्यपाल बागड़े ने नाहर भवानी माताजी मंदिर में दर्शन के बाद अखिल भारतीय नाहर बंधु जैन महासंघ राष्ट्रीय स्नेह सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। राज्यपाल बागड़े ने मंदिर परिसर में ध्वजारोहण किया और नवकार मंत्र प्रार्थना में शामिल हुए। राज्यपाल बागडे ने द्वीप प्रज्ज्वलन कर स्नेह सम्मेलन की शुरुआत की। राज्यपाल बागड़े ने कहा कि राजस्थान प्रदेश मंदिर स्थापत्य में भी अग्रणी है। नागौर के समीप बना ये गगनचुंबी माताजी मंदिर भी कलात्मक रुप से विशिष्ट है। संसार के संचालन के लिए शक्ति आवश्यक है। वायु, आकाश, अग्नि, जल व पृथ्वी तथा समस्त प्राणियों में शक्ति किसी ना किसी रूप में स्थित है। राजस्थान के लोग हर जगह मिल जाते हैं, विश्व के हर कोने में राजस्थानी फैले हुए हैं। कार्यक्रम में खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा, पूर्व विधायक मोहनराम चौधरी समेत अनेक लोग मौजूद थे। इसके बाद राज्यपाल ने नागौर सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम किया। राज्यपाल बागडे सुबह बीकानेर के लिए रवाना होंगे।


