दिन में तेज धूप होने के बावजूद राजस्थान के कई इलाके अब भी घने कोहरे की मार झेल रहे हैं। अलवर, करौली, नीमराना (कोटपूतली-बहरोड़), सूरतगढ़ (श्रीगंगानगर) सहित तमाम इलाकों में शनिवार सुबह भी घना कोहरा रहा। विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रह गई। उधर, राजस्थान में इस सीजन दिसंबर-जनवरी में औसत सर्दी रही। अब फरवरी में ठंडक कम रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने फरवरी में राजस्थान के अधिकांश हिस्से में तापमान औसत से ऊपर दर्ज होने की संभावना जताई है। इस महीने बारिश (पश्चिमी विक्षोभ) भी कम होने का अनुमान है। 3 फरवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डस्टर्बेंस ) एक्टिव होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राजस्थान के उत्तर-पूर्वी (भरतपुर, जयपुर और बीकानेर) संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बादल छाने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो जयपुर, अजमेर, बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर, भरतपुर समेत तमाम शहरों में आसमान साफ रहा और धूप निकली। पश्चिमी राजस्थान में दिन में हवा चलने से यहां दूसरे दिन भी अधिकतम तापमान में थोड़ी गिरावट हुई, जिससे यहां दिन में गर्मी कम हुई। कल (शुक्रवार) दिन में सबसे अधिक तापमान दिन में दौसा, डूंगरपुर जिले में 29.9 और 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 29.5, बाड़मेर में 29, भीलवाड़ा में 28.2, जालोर में 28.4, करौली में 27, बारां में 27.5, धौलपुर में 27.9, जोधपुर में 27.1, उदयपुर में 27.8, कोटा में 27.1 और जयपुर-अजमेर में 27.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। दिन का तापमान 4 डिग्री तक गिरा
कल पिलानी, जोधपुर, नागौर, फतेहपुर समेत कुछ शहरों के दिन के अधिकतम तापमान में 1 से लेकर 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हुई। पिलानी में अधिकतम तापमान 4.6 डिग्री गिरकर 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जोधपुर में तापमान 2.1 डिग्री गिरकर 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, राजस्थान में पश्चिमी हवाओं का प्रभाव कम होने से तापमान में गिरावट हो रही है। सुबह साढ़े आठ बजे तक सड़कों पर आवाजाही कम
सूरतगढ़ (श्रीगंगानगर) में शनिवार को दूसरे दिन भी सुबह घना कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी 50 मीटर रह गई, जबकि हाईवे पर स्थिति और भी खराब है। वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर धीमी गति से वाहन चलाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। सुबह 8:30 बजे तक शहरी क्षेत्र की सड़कें सूनी नजर आईं। बीती रात न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अब आगे क्या?
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने 2 फरवरी तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। इस दौरान शहरों के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। अधिकतम तापमान गिरने से दिन में गर्मी थोड़ी कम होगी।


