डीग में हर गिरदावर सर्किल पर लगेंगे कैम्प:’ग्राम-2026′ के विशेष शिविर शुरू, किसानों और पशुपालकों को लाभ पहुंचाना है लक्ष्य

डीग जिले में ‘ग्लोबल राजस्थान एग्री-टेक मीट (ग्राम-2026)’ की तैयारियों और किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष एक दिवसीय शिविरों का आयोजन शुरू हो गया है। ये शिविर जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का मुख्य लक्ष्य अधिक से अधिक कृषकों और पशुपालकों की भागीदारी सुनिश्चित करना है, ताकि वे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
यह शिविर 24 जनवरी से शुरू होकर 9 फरवरी तक चलेंगे। इसी के तहत 24 जनवरी को बहज, पन्हौरी, पला, मूसेपुर, घोसिंगा और मूंड़िया में शिविर आयोजित हुए। इन शिविरों में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और सहकारिता विभाग सहित कई सरकारी विभाग एक ही छत के नीचे अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
उपलब्ध मुख्य सुविधाओं में तारबंदी, पाइपलाइन, फव्वारा और सौर पंप संयंत्र की स्वीकृतियां शामिल हैं। साथ ही, सॉइल हेल्थ कार्ड का वितरण, फसल बीमा की जानकारी, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के आवेदन और पीएम किसान निधि से संबंधित जानकारी भी दी जा रही है। पशुपालकों के लिए पशुओं का स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, टीकाकरण और फर्टिलिटी किट का वितरण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, पीएम सूर्य घर योजना और पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के तहत भी कार्य किए जा रहे हैं।
जिला कलक्टर ने सभी उपखण्ड अधिकारियों और विकास अधिकारियों को इन शिविरों के सफल आयोजन तथा कृषकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *