शिवपुरी के पोहरी-श्योपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास शनिवार शाम बस और बाइक सवार दंपती की टक्कर हो गई। हादसे में पति की मौत हो गई। जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज चल रहा है। मृतक की पहचान अतवेई निवासी रामबाबू यादव (40) के रूप में हुई है। वहीं, उनकी पत्नी प्रेमबाई को गंभीर चोट आईं है। जानकारी के मुताबिक श्योपुर से ग्वालियर जा रही बस ने दंपती को टक्कर मारी। सूचना मिलते ही पोहरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल प्रेमबाई को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोहरी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल बस को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।


