कपूरथला के ढिलवां कस्बे के गांव रायपुर अराइयां में एक किरयाना दुकान में चोरी की घटना सामने आई है। चोर दुकान से नकदी और हजारों रुपए का अन्य सामान चोरी कर ले गए। सूचना मिलने पर ढिलवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। दुकान मालिक बलजिंदर सिंह ने बताया कि वह रोजाना की तरह सुबह करीब 8 बजे दुकान पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि दुकान के शटर के ताले टूटे हुए थे। अंदर जाकर सामान की जांच करने पर काउंटर की दराज में रखे 12- 15 हजार रुपए और कीमती सामान गायब मिला। पुलिस ने किया घटना स्थल का मुआयना बलजिंदर सिंह ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। ढिलवां पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


