मंडला में मां नर्मदा जयंती का पर्व मनाया जा रहा है। रविवार सुबह से ही जिलेभर के नर्मदा घाटों पर हजारों श्रद्धालु पूजन-अर्चन के लिए पहुंचे। महिष्मती घाट और संगम घाट सहित सभी प्रमुख नर्मदा तटों पर भक्तों की भारी भीड़ देखी गई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा और जिला पंचायत सीईओ शाश्वत सिंह मीणा सहित कई जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने माहिष्मती घाट पर मां नर्मदा का विधिवत पूजन किया। प्रशासन का अनुमान है कि दिनभर में दो लाख से अधिक श्रद्धालु घाटों पर पहुंचेंगे। पुलिस, होमगार्ड और प्रशासनिक अमला तैनात श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए पुलिस, होमगार्ड और प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद है। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिला मुख्यालय के अलावा ग्रामीण अंचलों में भी नर्मदा पूजन, आरती, हवन और भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। शाम को घाटों पर महाआरती और दीपदान होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं द्वारा मां नर्मदा को चुनरी भी अर्पित की जा रही है। नर्मदा जयंती के उपलक्ष्य में रपटा घाट पर शाम 6:30 बजे से निर्झरणी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। NH-30 की ओर डायवर्ट किया गया श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनजर 25 जनवरी को सुबह 7 बजे से रात 12 बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। पौड़ी रेलवे क्रॉसिंग, आंगन तिराहा, कारीकोन तिराहा और बिंझिया तिराहा सहित प्रमुख मार्गों पर वाहनों को NH-30 की ओर डायवर्ट किया गया है। दोपहर 12 बजे के बाद नेहरू स्मारक चौक से महिष्मती घाट की ओर चारपहिया और तीनपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। संगम घाट के लिए हेलीपैड मैदान में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध महिष्मती घाट आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पुलिस लाइन खो-खो ग्राउंड, वन विभाग कार्यालय, योजना भवन, सर्किट हाउस, होमगार्ड ग्राउंड और एसडीएम कार्यालय के सामने पार्किंग की व्यवस्था की गई है। संगम घाट के लिए हेलीपैड मैदान में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।


